इस साल गर्मी का मौसम पहले से ज्यादा खतरनाक होने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने चेतावनी दी है कि अप्रैल से मई 2026 के बीच देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ेगी और लू यानी हीटवेव के दिन भी ज्यादा होंगे। उत्तर पश्चिम भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।
ऐसे में जरूरी है कि आप अभी से तैयार रहें। आइए जानते हैं वह 5 जरूरी बातें जो इस गर्मी में आपको और आपके परिवार को सुरक्षित रखेंगी।
1. बुजुर्गों और बच्चों का खास ख्याल रखें
बुजुर्ग लोग, छोटे बच्चे और बाहर काम करने वाले मजदूर गर्मी के सबसे ज्यादा शिकार होते हैं। घर के बड़े-बुजुर्गों से दिन में दो-तीन बार पूछें कि वे कैसा महसूस कर रहे हैं। अगर किसी को बहुत ज्यादा पसीना, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखें।
2. खाने-पीने का खास ध्यान रखें
गर्मियों में बाहर का खाना खासकर सड़क किनारे का खाना बिल्कुल न खाएं क्योंकि गर्मी में खाना जल्दी खराब होता है। घर पर बना ताजा खाना खाएं। तरबूज, खीरा, खरबूजा, आम पना, दही और लस्सी गर्मियों के लिए बेहतरीन हैं। तला-भुना और मसालेदार खाना कम करें। बच्चों को स्कूल में पानी की बोतल जरूर दें।
3. घर को ठंडा रखने के उपाय करें
घर की खिड़कियों और दरवाजों पर मोटे परदे लगाएं ताकि धूप सीधे अंदर न आए। सुबह और शाम खिड़कियां खोलकर हवा आने दें। जब धूप तेज हो तो खिड़कियां बंद रखें।
छत पर सफेद रंग करवाएं या घास की खस की टट्टी लगाएं। पंखे के आगे बर्फ की बाल्टी रखने से भी ठंडक मिलती है।
4.दोपहर 12 से 4 बजे तक घर से बाहर न निकलें
IMD ने विशेष रूप से सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें क्योंकि इस समय धूप और गर्मी सबसे तेज होती है। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें, सिर पर टोपी या दुपट्टा रखें और छाता लेकर जाएं।
5. दिन में 8-10 गिलास पानी पिएं
गर्मियों में सबसे बड़ा खतरा डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी होना है। IMD के मुताबिक जब तापमान 40 डिग्री से ऊपर जाता है तो शरीर बहुत तेजी से पानी खोता है। इसलिए दिन में कम से कम 8-10 गिलास पानी पिएं, भले ही प्यास न लगी हो।

Social Plugin