नक्सली हिंसा में मृतकों के परिजनों को 55 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत, पुनर्वास नीति के तहत मिलेगा आर्थिक संबल
बीजापुर। नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। छत्तीसगढ़ नक्सलवाद पुनर्वास नीति के तहत नक्सली हिंसा में आम नागरिकों की मृत्यु के प्रकरणों में पीड़ित परिवारों को सहायता राशि प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
कलेक्टर श्री विश्वदीप द्वारा नक्सली हिंसा में आम नागरिकों की मृत्यु होने के मामलों में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार कुल 11 लाभार्थियों को 55 लाख रुपये की वित्तीय सहायता राशि उपलब्ध कराने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस सहायता राशि का उद्देश्य नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों को आर्थिक मजबूती प्रदान करना और उनके पुनर्वास में सहयोग देना है, ताकि पीड़ित परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आवश्यक सहारा मिल सके।
स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। सहायता राशि की 50 प्रतिशत राशि पीड़ित या लाभार्थी के आधार से जुड़े बचत बैंक खाते में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
वहीं शेष 50 प्रतिशत राशि राष्ट्रीयकृत बैंक अथवा अनुसूचित वाणिज्यिक बैंक में 3 वर्ष की अवधि के लिए सावधि जमा (एफडी) के रूप में सुरक्षित रखी जाएगी। इस राशि को लॉक-इन अवधि के दौरान जमा रखा जाएगा और इस अवधि में मिलने वाला तिमाही ब्याज लाभार्थी को उपलब्ध कराया जाएगा।
लॉक-इन अवधि पूरी होने के बाद सावधि जमा की मूल राशि भी सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी, जिससे भविष्य में पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता मिल सके।
छत्तीसगढ़ नक्सलवाद पुनर्वास नीति का उद्देश्य नक्सली हिंसा से प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों को राहत प्रदान करना, उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करना है।
जिला प्रशासन द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों से प्रभावित परिवारों को सहायता और सुरक्षा का भरोसा मिल रहा है। शासन की पुनर्वास एवं सहायता योजनाओं के माध्यम से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है।
बीजापुर जिले में स्वीकृत यह सहायता राशि नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहारा साबित होगी और उनके जीवन को आगे बढ़ाने में मददगार बनेगी।

