Type Here to Get Search Results !

सहसपुर लोहारा पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा, ग्रामीणों को दी विकास कार्यों की सौगात

Admin

 

सहसपुर लोहारा पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, ग्रामीणों से की मुलाकात; विकास कार्यों के लिए करोड़ों की योजनाओं को मिली गति



कबीरधाम | 
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने शुक्रवार देर शाम कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम सिंघनपुरी जंगल, कुम्हारी, खोलवा और टाटावाही पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी परेशानियों को जाना और कई समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, भवन, पेयजल, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

ग्रामीण विकास कार्यों की कई घोषणाएं

दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। ग्राम पंचायत सिंघनपुरी जंगल में शीतला मंदिर परिसर के पास मंच निर्माण के लिए 2 लाख रुपये और बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। वहीं आश्रित ग्राम कुम्हारी में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये स्वीकृत करने की बात कही गई।

ग्राम पंचायत खोलवा में वीबी-जीरामजी योजना के तहत नवीन आंगनबाड़ी भवन और डोम शेड निर्माण की घोषणा की गई। इसके अलावा ग्राम कटोरी में आंगनबाड़ी भवन के पास समतलीकरण कार्य के लिए 2 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।

वहीं ग्राम टाटावाही के अंतर्गत धनौरा में वार्ड क्रमांक 13-14 में मंच निर्माण के लिए 5 लाख रुपये और शेड निर्माण के लिए 8 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। साथ ही वार्ड क्रमांक 14 में हैंडपंप स्थापना, वार्ड क्रमांक 10 और 13 में 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कराने की घोषणा भी की गई।

बच्चों को देखकर रुकवाया काफिला, खिलाई चॉकलेट

जनसंपर्क दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति स्नेहपूर्ण व्यवहार देखने को मिला। ग्राम सिंघनपुरी जंगल में कुछ बच्चे उनका काफिला देखने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। बच्चों को देखकर उप मुख्यमंत्री ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और उनसे बातचीत की।

इसके बाद वे बच्चों को पास की दुकान पर ले गए और उन्हें चॉकलेट दिलाई। इस आत्मीय पल ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ईश्वरी साहू, लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरिता संतोष मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि श्री परदेशी पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


CgTv.In

CGTV.in पर पढ़ें भारत और दुनिया की ताजा खबरें, राजनीति, खेल, टेक्नोलॉजी, मनोरंजन, बिजनेस, लाइफस्टाइल और वायरल ट्रेंड्स की विश्वसनीय जानकारी।