Type Here to Get Search Results !

विजय शर्मा ने जमीन पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की बात, विकास कार्यों की दी सौगात

Admin

 

 जमीन पर बैठकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की दी सौगात



रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार गांवों के समग्र विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के अपने विधानसभा क्षेत्र के सहसपुर लोहारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भेंड्रा नवागांव और पीरचाटोला में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रमों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने सहज और सरल व्यवहार के अनुरूप ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं, मांगें और सुझाव सुने। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कई मांगों पर मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए और विकास कार्यों की महत्वपूर्ण घोषणाएं कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी।

इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में सड़क, पुलिया, आवास, खेल सुविधाओं सहित अन्य विकास कार्यों को लेकर कई घोषणाएं कीं। ग्राम भेंड्रा नवागांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्राम बोटेसुर से नवागांव तक एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण कराने की घोषणा की। वहीं ग्राम पीरचाटोला में 5.20 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण और वीबीजीरामजी योजना के तहत पुलिया निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति दिलाने की बात कही।

ग्रामीण विकास सरकार की प्राथमिकता

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सड़क, बिजली, आवास, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के गांवों में विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार योजनाओं को स्वीकृति दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना मजबूत होने से लोगों को सुविधा मिलने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि भेंड्रा नवागांव और बोटेसुर सहित आसपास के क्षेत्रों में सामुदायिक भवन, सीसी रोड, बोर खनन, रंगमंच निर्माण, आहता निर्माण और आंतरिक विद्युतीकरण जैसे अनेक विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

युवाओं के लिए खेल सुविधाओं पर जोर

उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने सूरजपुरा पंचायत में बन रहे मिनी स्टेडियम का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां 51 लाख रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्टेडियमों में नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए। साथ ही आसपास के 15 से 20 गांवों के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ा जाए, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके और वे सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकें।

सड़क और आवास योजनाओं की दी जानकारी

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सूरजपुरा, धनौरा सहित क्षेत्र के कई गांवों में सड़क निर्माण कार्य कराए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुसार समय सीमा में पूरे किए जाएं।

प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पीरचाटोला में 40, सूरजपुरा में 57, पेण्ड्रातराई में 61, बैगापारा में 65 और बोटेसुर में 75 आवास स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई थी और बीते ढाई वर्षों में 11 लाख आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर बल

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूह डेयरी, दुग्ध उत्पादन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि महिला समूह बेहतर कार्ययोजना बनाकर आगे आते हैं तो शासन की ओर से उन्हें हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जैविक खेती की बेहतर संभावनाएं हैं और किसान कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बस्तर, कोंडागांव और नारायणपुर के वनांचल क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां किसान बिना रासायनिक खाद के सफलतापूर्वक जैविक खेती कर रहे हैं और बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं।

बिजली व्यवस्था सुधार पर भी चर्चा

विद्युत व्यवस्था को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गांव और खेतों के फीडर अलग करने का कार्य कराया गया है। इससे घरेलू और कृषि उपयोग के लिए बिजली व्यवस्था में सुधार हुआ है।

उन्होंने बताया कि पुराने बकाया बिजली बिलों के समाधान के लिए भी शासन की योजनाओं के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल भवन और सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों में रोजगार, कृषि, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे उपस्थित

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरिता संतोष मिश्रा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा पटेल, जनपद उपाध्यक्ष श्री अशोक पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

CgTv.In

CGTV.in पर पढ़ें भारत और दुनिया की ताजा खबरें, राजनीति, खेल, टेक्नोलॉजी, मनोरंजन, बिजनेस, लाइफस्टाइल और वायरल ट्रेंड्स की विश्वसनीय जानकारी।