छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने प्रेम प्रसंग के रास्ते से पति को हटाने के लिए उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में घटित इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी महिला ने अपने प्रेमी और उसके दो अन्य दोस्तों का सहारा लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिसमें से पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है.
झारखंड की रहने वाली 35 वर्षीय आरोपी महिला पूनम लोंमगा ने करीब एक हफ्ते पहले अपने 40 वर्षीय पति विनोद लोंमगा को धोखे से बिलासपुर बुलाया था. महिला ने अपने पति को झांसा दिया था कि उन्हें किसी परिचित से पैसे लेने बिलासपुर जाना है.
18 मई को जब विनोद बिलासपुर पहुंचा, तो पूनम उसे सिरगिट्टी इलाके में रेलवे ट्रैक के पास ले गई. वहां उसका प्रेमी सुगर टोपनो अपने दो साथियों के साथ पहले से घात लगाए बैठा था.
चारों ने मिलकर विनोद पर जानलेवा हमला किया और उसकी हत्या कर दी. वारदात को छुपाने के उद्देश्य से उन्होंने शव को रेलवे लाइन के पार पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में फेंक दिया और फरार हो गए.
इस पूरे हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब झारखंड पुलिस तफ्तीश करते हुए आरोपी महिला के साथ सिरगिट्टी थाने पहुंची. संदेह के आधार पर जब बिलासपुर पुलिस ने महिला से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर तक झूठ नहीं टिक पाई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी पत्नी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना के करीब एक सप्ताह बाद रेलवे ट्रैक के पास से शव को बरामद किया. पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस ने हत्यारिन पत्नी को सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि फरार प्रेमी और उसके दो मददगार साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.

Social Plugin