यूनिसेफ के सहयोग से छत्तीसगढ़ में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मिलेगी नई मजबूती, प्रभावी कार्ययोजना तैयार करेंगे विभाग
स्वस्थ माताएं और स्वस्थ बच्चे ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि स्वस्थ माताएं और स्वस्थ बच्चे ही विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन और बच्चों के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। इन क्षेत्रों में स्थायी सुधार के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और साझा रणनीति के साथ कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से आज मंत्रालय महानदी भवन में भारत में यूनिसेफ की प्रतिनिधि सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण व्यवस्था को मजबूत करने, बच्चों के विकास और बाल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की प्रत्येक माता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें और प्रत्येक बच्चे को पर्याप्त पोषण एवं विकास के अवसर प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य ही प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का आधार है।
उन्होंने कहा कि मातृ मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर और कुपोषण जैसी चुनौतियों को कम करने के लिए केवल एक विभाग के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आदिम जाति विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को मिलकर एक प्रभावी और परिणाम आधारित कार्ययोजना तैयार करनी होगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से ऐसी मल्टी-सेक्टोरल रणनीति तैयार की जाए, जिससे स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं का लाभ प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक आसानी से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर तालमेल से योजनाओं का प्रभाव कई गुना बढ़ सकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार का विशेष ध्यान बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी दिखाई देगा जब उनका प्रभावी क्रियान्वयन जमीन स्तर तक सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार समाज के कमजोर वर्गों, महिलाओं और बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर रही है।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने यूनिसेफ की भारत प्रतिनिधि सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे का छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक ‘नंदी’ की प्रतिमा और शॉल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
वहीं सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे ने भारत में यूनिसेफ के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी विशेष स्मारक डाक टिकट मुख्यमंत्री को भेंट किया।
यूनिसेफ की भारत प्रतिनिधि सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे ने मुख्यमंत्री श्री साय का ‘जय जोहार’ कहकर अभिवादन किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध संस्कृति और यहां के लोगों की सरलता की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि यूनिसेफ लंबे समय से छत्तीसगढ़ सरकार के साथ मिलकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, बाल संरक्षण और बच्चों के अधिकारों के क्षेत्र में सहयोग कर रहा है। उन्होंने राज्य में इन क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी तकनीकी सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार और यूनिसेफ के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में व्यापक सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी विभागों के सामूहिक प्रयासों से प्रदेश में स्वस्थ, सक्षम और सशक्त पीढ़ी का निर्माण होगा, जो विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

